भारत ने पेश किया AI से चलने वाले लड़ाकू विमान FWD Supreme का प्रोटोटाइप

भारतीय कंपनी FWDA ने AI-संचालित लड़ाकू विमान FWD Supreme का प्रोटोटाइप पेश किया है। कंपनी के मुताबिक, इसके छोटे संस्करण Supreme Lite की पहली उड़ान अगले दो महीनों में होने की तैयारी है। इसका उद्देश्य स्वदेशी रक्षा तकनीक को बढ़ावा देना है।

भारत ने पेश किया AI से चलने वाले लड़ाकू विमान FWD Supreme का प्रोटोटाइप

भारतीय रक्षा तकनीक कंपनी Flying Wedge Defence & Aerospace (FWDA) ने अपने AI-संचालित लड़ाकू विमान कार्यक्रम FWD Supreme का फुल-साइज स्टैटिक प्रोटोटाइप पेश किया है। मंगलवार को नई दिल्ली के ली मेरिडियन होटल में आयोजित कार्यक्रम में कंपनी ने विमान की खूबियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।

बिना पायलट के AI तकनीक की मदद से संचालित-

कंपनी के मुताबिक, FWD Supreme Heavy को बिना पायलट के AI तकनीक की मदद से संचालित होने वाले लड़ाकू विमान के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसकी अनुमानित पेलोड क्षमता करीब 350 किलोग्राम, अधिकतम गति मैक 0.8 से 0.85 और परिचालन रेंज 1,500 किलोमीटर से ज्यादा होगी।

FWD Supreme Lite की पहली उड़ान जल्द-

कंपनी ने बताया कि विमान के छोटे संस्करण FWD Supreme Lite के टैक्सी ट्रायल पूरे हो चुके हैं। अगले दो महीनों में इसकी पहली उड़ान की तैयारी की जा रही है। इस संस्करण में करीब 90 प्रतिशत स्वदेशी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों और एयरोस्पेस विशेषज्ञों ने भी हिस्सा लिया-

कार्यक्रम में रक्षा क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों और एयरोस्पेस विशेषज्ञों ने भी हिस्सा लिया। कंपनी के संस्थापक सुहास तेजस्कंदा ने कहा कि उनका लक्ष्य भारत में ही उन्नत रक्षा तकनीक विकसित करना और विदेशी उपकरणों पर निर्भरता कम करना है।

कई AI विमानों को एक साथ चलाने की योजना-

FWD Supreme कार्यक्रम के तहत कंपनी कई AI-संचालित विमानों को एक समूह में संचालित करने की तकनीक पर भी काम कर रही है। इसका उद्देश्य भविष्य में हवाई अभियानों के लिए स्वायत्त विमानों का इस्तेमाल बढ़ाना और रक्षा तकनीक को अधिक किफायती बनाना है।

विभिन्न प्रणालियों का एकीकरण और परीक्षण-

कंपनी के अनुसार, आगे विमान की तकनीक का विकास, विभिन्न प्रणालियों का एकीकरण और परीक्षण किया जाएगा। हालांकि, विमान की वास्तविक क्षमताओं की पुष्टि आगामी उड़ान परीक्षणों के बाद ही हो सकेगी।